नोएडा में रफ्तार का कहर, एक की दर्दनाक मौत, दूसरा घायल
Noida News
नोएडा
चेतना मंच
27 Jul 2025 12:49 AM
Noida News: नोएडा में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के एनएच नौ से होते हुए बाइक पर जा रहे एक मेंटीनेंस कर्मी को अज्ञात वाहन के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। इसे हादसे में उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरा मामला नोएडा के थाना सेक्टर-24 के एलिवेटेड रोड़ का है। इस थाना क्षेत्र से गुजर रहे ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका नोएडा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। नोएडा की संबंधित थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
नोएडा के एनएच पर युवक को रौंदा
दिल्ली मंडावली फाजिलपुर के रहने वाले सुरेश कुमार का साला विक्की शर्मा ग्रेटर नोएडा के राइज विलेज सोसायटी में मेंटनेंस का काम करता था। वह 26 जून की रात करीब आठ बजे गौर सिटी में ड्यूटी खत्म करके बाइक से दिल्ली स्थित अपने घर जा रहा था। वह एनएच नौ पर सुपरटेक की बिल्डिंग के सामने पहुंचा, तो अज्ञात वाहन चालक तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए आया। विक्की की बाइक में टक्कर मार दी। इससे विक्की सड़क पर गिरकर घायल हो गया और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई थी। आरोपी चालक वाहन लेकर भाग गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया था।
नोएडा के एलिवेटेड पर ट्रक ने मारी टक्कर
दिल्ली अशोक नगर के रहने वाले मुकेश कुमार के भाई वरुण कुमार नोएडा सेक्टर-63 की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। वह वरुण 24 जुलाई की शाम सेक्टर-63 से बाइक से घर जा रहे थे। सेक्टर-33 में एलिवेटेड रोड पर ट्रक चालक तेज गति व लापरवाही से चलाते हुआ आया। वरुण की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। वरुण सड़क पर गिरकर घायल हो गया, जबकि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने वरूण को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के भाई ने उपचार कराने के बाद पुलिस से शिकायत की। ट्रक का नंबर भी पुलिस को दिया।