
UP News : कानपुर। यूपी के कानपुर में रेलवे ट्रैक पर एक हेड कॉन्स्टेबल ने सुसाइड कर लिया। वह पटरी पर सीधे लेट गया, जिसके बाद उसके ऊपर से ट्रेन गुजर गई। इससे उसका शरीर दो हिस्सों में बंट गया। घटना सेंट्रल स्टेशन के फेथफुलगंज आउटर पर हुई। बताया जा रहा है कि हेड कॉन्स्टेबल 7 महीने से सस्पेंड था। इसके चलते वह काफी समय से डिप्रेशन में था। उसका डिप्रेशन का इलाज भी चल रहा था। अस्पताल से आकर उसने रेलवे ट्रैक पर सुसाइड किया है।
बताया जा रहा है कि हेड कॉन्स्टेबल 7 महीने से सस्पेंड होने के कारण परेशान था। उसका नाम राहुल वर्मा है और उसके दो बच्चे 1 बेटा और 1 बेटी हैं। राहुल शहर के बेकनगंज थाने में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात था। परिवार के लोगों ने बताया कि 7 महीने पहले हर्ष फायरिंग के मामले में राहुल को सस्पेंड कर दिया गया था। सस्पेंड होने के चलते वह परिवार का भरण-पोषण नहीं कर पा रहा था। इसलिए परेशान था। बड़ी मुश्किल से घर का खर्चा चला पा रहा था। उसके बच्चों की पढ़ाई तक छूट गई थी। वह किसी से ज्यादा बात भी नहीं करता था। घर में कमाई का कोई दूसरा जरिया भी नहीं था।
मृतक राहुल की मां सरला का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया, बेटा चिंता के कारण डिप्रेशन में चला गया था। इसके चलते वह काफी बीमार हो गया था। इलाज के लिए शहर के बड़ा चौराहा स्थित उर्सला अस्पताल में 19 मार्च से एडमिट था। वह अस्पताल से कहकर गया था कि कुछ देर में वापस आ जाएगा, लेकिन हमें उसकी मौत की खबर मिली। वह कहता था, अस्पताल में पैसा बेकार में जा रहा है। वैसे भी स्थिति ठीक नहीं है। इससे अच्छा मैं घर में था। कम से कम पैसा तो बच रहा था।
रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल ने जब ट्रेन आती देखी, तो ट्रैक पर जाकर लेट गया, जब तक उसको उठाया जाता, उसके ऊपर से ट्रेन गुजर चुकी थी। मामले की सूचना पर जीआरपी के सिपाही मौके पर पहुंचे। जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया, हमें शव मिलने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचे, तो शव के पास से फोन बरामद हुआ। जिसके बाद उसकी पहचान हो पाई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।