
UP Nikay Chunav : उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। चुनाव लड़ने वालों के बीच बड़ी पार्टियों के टिकट पाने को लेकर होड़ मची हुई है। इस बीच, टिकट कटने पर कुछ उम्मीदवार बेहद नाराज हो गए और घातक कदम उठा लिया। यूपी के शामली में टिकट कटने से मायूस बीजेपी नेता ने जहर खा लिया, अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शामली के कांधला थाना क्षेत्र के कस्बा कांधला में सभासद पद के लिए एक व्यक्ति भाजपा से टिकट मांग रहा था। लेकिन, पार्टी ने उसे टिकट नहीं दिया। इसके बाद उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक का नाम दीपक सैनी है।
वहीं, दीपक की मौत से मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया है। मृतक के घरवाले सदमे में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां ने बताया कि इस बार दीपक चुनाव लड़ना चाहता था। लेकिन, बीजेपी नेताओं ने टिकट बंटवारे में धांधली की। वहीं, स्थानीय लोगों को ये विश्वास नहीं हो रहा है कि दीपक अब इस दुनिया में नहीं है। मृतक दीपक सैनी वार्ड नंबर 3 नगर पंचायत कांधला से सभासद रह चुका है। मृतक की मां ने बीजेपी के नगर पंचायत और कांधला के प्रत्याशी नरेश सैनी पर गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि बीजेपी के प्रत्याशी नरेश ने अपने बराबर में ना खड़े होने के कारण बेटे का टिकट कटवा दिया।