दिल्ली कोर्ट से सोनिया गांधी को बड़ी राहत, वोटर लिस्ट याचिका खारिज
भारत
चेतना मंच
11 Sep 2025 05:58 PM
New Delhi News : कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें आरोप लगाया गया था कि सोनिया गांधी के नाम को भारतीय नागरिक बनने से तीन साल पहले वोटर लिस्ट में शामिल किया गया था। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के इस फैसले से जहां कांग्रेस पार्टी में खुशहाली है वहीं भाजपा में मायूसी देखी जा रही है।
जब वोटर लिस्ट से नाम जोड़ा गया तब नहीं थी भारत की नागरिक
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट वैभव चौरसिया ने गुरुवार को यह याचिका खारिज की। शिकायतकर्ता विकास त्रिपाठी की ओर से सीनियर एडवोकेट पवन नारंग ने याचिका दायर की थी। इसमें दावा किया गया था कि जनवरी 1980 में सोनिया गांधी का नाम नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र की वोटर लिस्ट में जोड़ा गया, जबकि तब वह भारत की नागरिक नहीं थीं।
कोर्ट ने सोनिया गांधी के पक्ष में फैसला सुनाया
याचिका में यह भी कहा गया कि किसी व्यक्ति का किसी क्षेत्र का निवासी बनने के लिए पहले नागरिकता की प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए। अधिवक्ता ने यह भी सवाल उठाया कि अगर सोनिया गांधी 1980 में भारतीय नागरिक थीं, तो उनका नाम 1982 में वोटर लिस्ट से क्यों हटा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय चुनाव आयोग ने संजय गांधी (जिनकी विमान हादसे में मृत्यु हो गई थी) और सोनिया गांधी के नाम हटा दिए थे, जिससे गड़बड़ी की आशंका जताई गई। कोर्ट ने हालांकि शिकायतकर्ता के सभी तर्कों को खारिज कर दिया और सोनिया गांधी के पक्ष में फैसला सुनाया। New Delhi News