
Greater Noida : (चेतना मंच)। थाना बिसरख पुलिस ने सहकर्मी गार्ड के साथ बलात्कार करने के आरोप में वांछित चल रहे बलात्कारी को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि गत दिनों एक व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया था कि आरोपी विकास उर्फ हरी बाबू उसकी पुत्री को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी ने उसे धोखे से नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और उसके साथ बलात्कार किया। बलात्कार की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने विकास को डबल पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विकास और पीड़िता पूर्व में गौर सिटी मॉल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्य करते थे। इस दौरान दोनों के बीच जान पहचान हुई। इसी जान पहचान का फायदा उठा कर विकास ने बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
नोएडा के थाना सेक्टर 20 पुलिस ने 2 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटे गए 7 मोबाइल फोन, तमंचा, कारतूस,गांजा व घटना में प्रयुक्त केटीएम बाइक बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपी केटीएम बाइक पर सवार होकर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर 27 सब माल की पार्किंग के पास से गुलशन पुत्र दिनेश व सनी पुत्र गोपीचंद को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इनके पास से 7 मोबाइल फोन, तमंचा, कारतूस, 1 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों लुटेरे केटीएम बाइक लेकर कंपनियों के आसपास घात लगाकर खड़े रहते हैं। कंपनी से निकलने वाले लोगों से यह मौका देखकर मोबाइल छीन कर भाग जाते हैं। उन्होंने बताया कि लूट की घटना करते समय अक्सर गुलशन ही बाइक को चलाता था। इस दौरान सनी पीछे बैठकर मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देता था। Greater Noida News