मोबाइल इंटरनेट के मामले में यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) के पास दुनिया का सबसे तेज इंटरनेट होने का टाइटल है। यहां औसत मोबाइल डाउनलोड स्पीड 691 एमबीपीएस (Mbps) से ज्यादा है।

The fastest internet in the world : आज के डिजिटल युग में स्ट्रीमिंग, गेमिंग और रिमोट वर्क के लिए तेज इंटरनेट स्पीड का होना अनिवार्य हो गया है। ऐसे में ग्लोबल रैंकिंग में कौन सा देश सबसे आगे है, यह जानना हर किसी के लिए रोचक होता है। अगर अल्ट्रा-फास्ट कनेक्टिविटी की बात करें, तो इस मामले में दो देश पूरी दुनिया में छाए हुए हैं। जहां एक देश मोबाइल इंटरनेट स्पीड में सबसे आगे है, वहीं दूसरा देश होम ब्रॉडबैंड परफॉर्मेंस के चार्ट में टॉप पर बैठा है।
मोबाइल इंटरनेट के मामले में यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) के पास दुनिया का सबसे तेज इंटरनेट होने का टाइटल है। यहां औसत मोबाइल डाउनलोड स्पीड 691 एमबीपीएस (Mbps) से ज्यादा है। इतनी शानदार स्पीड पर यूजर्स बिना किसी बफरिंग के 4K वीडियो स्ट्रीम कर सकते हैं और सेकंडों में ही हाई डेफिनेशन मूवीज डाउनलोड कर सकते हैं। देश में 5G के तेजी से रोलआउट और एडवांस्ड टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर ने इस उपलब्धि को हासिल करने में अहम भूमिका निभाई है।
सिंगापुर है ब्रॉडबैंड का राजा
वहीं, जब होम ब्रॉडबैंड की बात आती है तो सिंगापुर नंबर एक पर काबिज है। सिंगापुर में औसत फिक्स्ड ब्रॉडबैंड स्पीड लगभग 410 एमबीपीएस है। इस शानदार परफॉर्मेंस का श्रेय देश भर में 99% फाइबर ऑप्टिक कवरेज को जाता है। सिंगापुर सरकार की लंबे समय से चली आ रही 'स्मार्ट नेशन' पहल ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश किया है, जिसके नतीजे स्वरूप यहां स्टेबल और अल्ट्रा-फास्ट होम कनेक्टिविटी मिलती है।
व्यावसायिक तौर पर तो यूएई और सिंगापुर आगे हैं, लेकिन जापान ने एक अलग ही मुकाम हासिल किया है। जापानी वैज्ञानिकों ने लैब में एक्सपेरिमेंटल इंटरनेट स्पीड 1.02 पेटाबिट्स प्रति सेकंड हासिल की है। आसान शब्दों में कहें तो यह स्पीड इतनी शक्तिशाली है कि थ्योरी के हिसाब से इससे कुछ ही सेकंड में पूरी नेटफ्लिक्स लाइब्रेरी डाउनलोड की जा सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मोबाइल इंटरनेट स्पीड में कतर दूसरे नंबर पर है, जहां औसत स्पीड लगभग 573 एमबीपीस है। वहीं, ब्रॉडबैंड परफॉर्मेंस में चिली लगभग 357 एमबीपीएस के साथ सिंगापुर के बाद दूसरे और फ्रांस लगभग 349 एमबीपीएस के साथ तीसरे स्थान पर है।
भारत की स्थिति भी इस मामले में तेजी से सुधर रही है। पूरे देश में 5G रोलआउट के बाद भारत में औसत मोबाइल स्पीड अब 130 से 136 एमबीपीएस के बीच पहुंच गई है। इसके चलते भारत वैश्विक स्तर पर लगभग 26वें से 30वें स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि, अभी भी भारत यूएई और सिंगापुर से काफी पीछे है, लेकिन तेजी से हो रहे डिजिटल विस्तार से उम्मीद है कि आने वाले सालों में यह अंतर कम होगा। The fastest internet in the world