उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि नोएडा और पूरे गौतमबुद्ध नगर में चल रहे विकास कार्य तय समय-सीमा के भीतर, गुणवत्ता के उच्च मानकों के साथ पूरे हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Noida News : गौतमबुद्ध नगर में जनहितकारी योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने और विकास कार्यों की प्रगति का जमीनी आकलन करने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिले की अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (लोक निर्माण विभाग) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने की। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि नोएडा और पूरे गौतमबुद्ध नगर में चल रहे विकास कार्य तय समय-सीमा के भीतर, गुणवत्ता के उच्च मानकों के साथ पूरे हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित योजनाओं और परियोजनाओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दायरे में राजस्व संग्रह व राजस्व वादों का निस्तारण, आईजीआरएस शिकायतें, कृषि-पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, चिकित्सा सेवाएं, वन विभाग, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, जल जीवन मिशन (शहरी-ग्रामीण), मत्स्य, उद्यान, पूर्ति, पर्यटन विकास, जिला उद्योग केंद्र, विद्युत, महिला कल्याण, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, एनआरएलएम, पंचायती राज, नगर विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, कौशल विकास, अतिरिक्त ऊर्जा, सहकारिता, श्रम विभाग और लोक निर्माण विभाग समेत अन्य प्रमुख विभाग शामिल रहे।
प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि नोएडा जैसे तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र और जिले के ग्रामीण इलाकोंदोनों जगहों की जरूरतें अलग हैं, इसलिए जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता सिर्फ फाइलों में प्रगति दिखाना नहीं, बल्कि आम नागरिक को समय पर सुविधा और वास्तविक लाभ देना है। नोएडा समेत गौतमबुद्ध नगर में जनसमस्याओं के निस्तारण पर जोर देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे। शिकायतकर्ता को संतोषजनक, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी समाधान मिले यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से सीधे संवाद बढ़ाकर योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी और श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, नगर पालिका दादरी अध्यक्ष गीता पंडित सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्र, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी वीएस, नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश सहित जिले के सभी प्रमुख अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। Noida News