Bulandshahr News : युवक को पेड़ से बांधकर धार्मिक नारा लगवाने वाले गिरफ्तार, थानेदार सस्पेंड
Arrested for tying a young man to a tree and chanting religious slogans, police station suspended
भारत
चेतना मंच
19 Jun 2023 08:38 PM
बुलंदशहर। मोबाइल चोरी के शक में मुस्लिम युवक को पेड़ से बांधकर पीटने और धार्मिक नारे लगवाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा अभी फरार है। इस मामले में ककोड़ कोतवाली के इंस्पेक्टर अमर सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
सिर मुंडवाया, फिर लगवाए जय श्रीराम के नारे
बुलंदशहर के सिकंदराबाद के ककोड़ के गांव वैर का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में दिख रहा था कि एक लड़के को पेड़ से बांधकर पीटा जा रहा है और उसे जय श्रीराम के नारे लगवाए जा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित के परिजनों को मामले की जानकारी हुई। पीड़ित के परिजनों ने बताया कि रोज की तरह बेटा अपना काम करने गया था। बेटा पुताई का काम करता है। दोपहर को खाना खाने आ रहा था तभी गांव के कुछ दबंग आए और उसे उठाकर ले गए। शाम को हमने एक वीडियो देखा जिसमें बेटे की पिटाई की जा रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद हमने बेटे की खोजबीन शुरू की।
समझौते के लिए आरोपी दे रहे हैं धमकी
परिवार का कहना है कि बेटे को पीटने वाले कई बार समझौते के लिए फोन कर चुके हैं। समझौता न करने पर कई बार धमकी भी दे चुके हैं। दबंगों का कहना है कि लौटकर तो इसी रास्ते से जाओगे, अगर फैसला नहीं किया तो तुम्हें छोड़ेंगे नहीं। पिता का कहना है कि मेरे बेटे को पेड़ से बांधकर पिटाई की गई है। दबाव डालकर उसे कहा गया कि वह चोरी की घटना को कबूल करें, जबकि उसने कोई चोरी नहीं की थी। पिटाई करने के बाद बेटे को गंजा कराया गया और उसके बाद भीड़ इकट्ठी हो गई। भीड़ में से ही किसी ने जय श्रीराम नारा लगाने के लिए कहा। शुरुआत में बेटे ने मना किया, लेकिन पिटाई के डर से लगा दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
जैसे ही घटना पुलिस के कानों तक पहुंची, कार्रवाई शुरू कर दी। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि नूरबानू की तहरीर पर पुलिस ने साहिल को पेड़ से बांधकर पीटने और सिर के बाल मुंडवाने के आरोप में गांव के ही तीन लोगों गजेंद्र, सौरव और धनी के खिलाफ ककोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सौरभ और गजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एक नाबालिग है, जिसे बाल सुधार गृह भेजा गया है। मामला दो समुदाय के बीच का है, तनाव ना बढ़े इसको देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अधिकारी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
उत्तर प्रदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।