उत्तर प्रदेश के इस जिले में मिलेगा खेलों को बढ़ावा, जल्द तैयार होंगे मिनी स्टेडियम
भारत
चेतना मंच
26 Oct 2025 01:52 PM
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल कौशल को बढ़ावा देने के लिए दो नए बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम (मिनी स्टेडियम) बनाए जाएंगे। इन स्टेडियमों में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग सहित अन्य इंडोर खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। UP News
निर्माण के लिए चुने गए ये स्टेडियम
प्रत्येक स्टेडियम का निर्माण लगभग 4.92 करोड़ रुपये की लागत से होगा, जिससे दोनों स्टेडियमों पर कुल 9.84 करोड़ रुपये खर्च होंगे। राजकीय इंटर कॉलेज, अदम गोंडवी खेल मैदान और अभिनव इंटर कॉलेज, कंसापुर को इन स्टेडियमों के निर्माण के लिए चुना गया है।स्टेडियमों में खिलाड़ियों के लिए शौचालय, चेंजिंग रूम, वार्म-अप ज़ोन, प्रशासनिक कार्यालय, स्वागत क्षेत्र और प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन सुविधाओं से खिलाड़ियों को अलग-अलग जगहों पर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी और उनका प्रशिक्षण सुचारू रूप से हो सकेगा।
इन नए इंडोर स्टेडियमों में रनिंग ट्रैक, जिम और मल्टीपरपज फिटनेस केयर हाल जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी होंगी, जो खिलाड़ियों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक साबित होंगी। स्टेडियमों का उपयोग राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी किया जा सकेगा।
जिले में खेलों को मिलेगा बढ़ावा
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि नए स्टेडियम निर्माण से स्थानीय युवाओं को खेल में सक्रिय होने और प्रतियोगिताओं की तैयारी करने का बेहतर अवसर मिलेगा। शासन ने निर्माण के लिए बजट और यूपी सिडको को कार्यदायी संस्था के रूप में नामित कर दिया है। बजट जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इन स्टेडियमों से गोंडा जिले के खिलाड़ियों के लिए खेल का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और जिले में खेलों को बढ़ावा मिलेगा। UP News