Bulandshahr News : पेड़ से बांधकर युवक को पीटने के दो आरोपी गिरफ्तार
Two accused arrested for tying a young man to a tree and beating him
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 05:36 AM
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के शक में एक युवक की पेड़ से बांधकर पिटाई करने और उसे आधा गंजा करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी अभी फरार है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
ककोड़ क्षेत्र के वैर गांव का है मामला
पुलिस अधीक्षक (नगर) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि ककोड़ थाना क्षेत्र के वैर गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। उसमें गांव के ही रहने वाले तीन युवक एक व्यक्ति को चोरी के शक में बंधक बनाकर उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। तिवारी के मुताबिक, पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर और परिवार से प्राप्त तहरीर के आधार पर ककोड़ थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने दो को गिरफ्तार भी कर लिया है। उन्होंने कहा कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों ने छीन लिए मजदूर का मोबाइल और नकदी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ककोड़ थाना क्षेत्र के वैर गांव का रहने वाला साहिल पुताई का काम करता है। साहिल की मां नूरबानो से मिले शिकायती पत्र के मुताबिक, 13 जून को दोपहर डेढ़ बजे के करीब वैर गांव के ही रहने वाले गजेंद्र, सौरभ और धन्नी साहिल को जबरन उठाकर ले गए और उसे पेड़ से बांधने के बाद उसकी बेल्ट से पिटाई की। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने साहिल को आधा गंजा कर दिया और उससे जबरन धार्मिक नारे भी लगवाए। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने साहिल का मोबाइल फोन और 1,500 रुपये भी छीन लिए।
उत्तर प्रदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।