
Mahakumbh 2025 : संगम नगरी प्रयागराज में दो साल बाद यानि वर्ष 2025 में होने वाले महाकुंभ की तैयारियों को गति देने की दिशा में यूपी की योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। महाकुंभ 2025 के लिए 10 रुपये का बजट जारी कर दिया है। यह रकम प्रयागराज में स्थायी परियोजनाओं पर खर्च किया जाएगा। आपको बता दें कि महाकुंभ के लिए पहले भी 10 अरब रुपये जारी किए जा चुके हैं। महाकुंभ के लिए कुल 25 अरब रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
आपको बता दें कि संगम नगरी प्रयागराज में आगामी 2025 में महाकुंभ मेला आयोजित होगा। इस महाकुंभ में देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए प्रयागराज के मेला प्राधिकरण द्वारा तैयारियां की जा चुकी है। महाकुंभ 2025 के लिए परियोजनाओं को तीन हिस्सों में बांटा गया है। बड़ी परियोजनाओं जिसमें एक साल से अधिक का समय लगना है। इसमें आरओबी, फ्लाईओवर, स्थाई निर्माण शामिल हैं। जबकि छोटी परियोजनाएं जो एक साल से कम के समय में पूरी हो सकती हैं जैसे सड़क, संपर्क मार्ग, पार्किंग। तीसरी श्रेणी में महाकुंभ के अस्थाई कार्य रखे गए हैं, जो मेला क्षेत्र में होने हैं। बड़ी परियोजनाओं के लिए अब तक 80 फीसदी बजट जारी कर दिया गया है। यह पहला मौका है कि शासन ने काम से पहले ही इतनी बड़ी राशि जारी कर दी है।
प्रयागराज जनपद में महाकुंभ के मद्देनजर पांच आरओबी स्वीकृत हैं। कुछ का काम शुरू हो चुका है। बजट जारी होने के बाद शेष का काम तत्काल शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही रिवर फ्रंट टाइप रोड, मनसैता नाला पर स्थाई पुलिया का निर्माण, एसआरएन अस्पताल का विस्तार, बेली व दूसरे अस्पतालों का विस्तार तेजी के साथ कराया जा सकेगा।
मलाक हरहर से स्टैनली रोड तक निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल का काम अब गति पकड़ेगा। इस काम को इसी वित्तीय वर्ष में पूरा किया जाना है। बजट जारी होने के बाद श्रम शक्ति बढ़ाकर और नए उपकरण लगाकर काम को तेजी से कराया जाएगा।
कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि शुक्रवार को नगर विकास विभाग की ओर से 10 अरब रुपये का बजट दिया गया है। पूर्व में 10 अरब रुपये दिए गए थे। सभी परियोजनाओं का काम तेजी से कराया जाएगा। Mahakumbh 2025