गाजियाबाद में अवैध दूतावास का खुलासा, फर्जी एम्बेसडर गिरफ्तार
Ghaziabad
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:29 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:29 PM
Ghaziabad : यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने गाजियाबाद में चल रहे अवैध दूतावास का भंडाफोड़ किया है। यूपी एसटीएफ के इस खुलासे ने खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। अवैध रूप से दूतावास चलाने वाले आरोपी के पास से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ फोटो के साथ विदेशी पासपोर्ट, विदेशी करंसी तथा विदेश मंत्रालय की मोहरें बरामद हुई हैं। बताया जाता है कि अवैध रूप से दूतावास चला रहे आरोपी के पास से 2011 में सैटेलाइट फोन भी बरामद हुआ था उसके संबंध तांत्रिक चन्द्रास्वामी व आर्म्स डीलर अदनान खगोशी से भी बताए जाते थे।
यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने अवैध दूतावास का भंडाफोड़ किया
यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने गाजियाबाद में चल रहे अवैध दूतावास का भंडाफोड़ किया है। कविनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने इस अवैध दूतावास का खुलासा किया है। पुलिस ने यहां से हर्ष वर्धन जैन पुत्र जे डी जैन निवासी केबी 45 कविनगर गाजियाबाद को गिरफ्तार किया है। हर्षवर्धन किराए का मकान लेकर अवैध रूप से वेस्ट आर्कटिक दूतावास चला रहा था तथा अपने आप को West Arctica , Saborga, Poulvia ,Lodonia आदि देशों का कॉन्सुल/ एम्बेसडर बताता है और कई डिप्लोमेटिक नम्बर प्लेट लगी गाडिय़ों से चलता है। एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि हर्षवर्धन लोंगो को प्रभाव में लेने के लिए प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और कई अन्य गणमान्य लोंगो के साथ अपनी मॉर्फ़ की हुई फोटो का भी प्रयोग करता है । इसका मुख्य काम कंपनियों और प्राइवेट व्यक्तियों को बाहर के देशों में काम दिलाने के नाम पर दलाली करना तथा शेल कंपनियों के माध्यम से हवाला रैकेट चलाना है।
हर्षवर्धन के पूर्व में चंद्रास्वामी और अदनान खगोशी से भी संपर्क होना पता चला
हर्षवर्धन के पूर्व में चंद्रास्वामी और अदनान खगोशी ( इंटरनेशनल आर्म्स डीलर) से भी संपर्क में होना पता चला है। वर्ष-2011 में हर्षवर्धन से अवैध सैटेलाइट फ़ोन भी बरामद हुआ था जिसकी एफआईआर थाना कविनगर में दर्ज है।
यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट को अवैध दूतावास से डिप्लोमैटिक नम्बर प्लेट लगी चार गाडिय़ाँ, माइक्रोनेशन देशों के 12 डिप्लोमेटिक पासपोर्ट, विदेश मंत्रालय की मोहर लगी दस्तावेज, दो पैनकार्ड, विभिन्न देशों और कंपनियों की 34 मोहरें, 2 प्रेस कार्ड, 44,70 लाख रुपए नगद, कई देशों की विदेशी मुद्रा, कई कंपनियों आदि के दस्तावेज, 18 डिप्लोमेटिक नंबर प्लेट बरामद हुई हैं।