उत्तर प्रदेश में बनेगा 6 लेन का विज्ञान पथ, 5 जिलों को जोड़ेगा राजधानी से
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
03 Nov 2025 04:04 PM
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सफर अब और तेज, आसान और जाम-फ्री होने वाला है। यहां लखनऊ विकास प्राधिकरण ने एक नई 250 किलोमीटर लंबी 6-लेन सड़क परियोजना विज्ञान पथ की तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश की इस मेगा रोड प्रोजेक्ट से उत्तर प्रदेश के पांच बड़े जिले हरदोई, सीतापुर, उन्नाव, बाराबंकी और रायबरेली सीधे राजधानी से जुड़ेंगे। UP News :
250 किलोमीटर लंबा सुपरफास्ट कॉरिडोर
विज्ञान पथ लखनऊ को आसपास के जिलों से सीधी और तेज कनेक्टिविटी देगा। यह 6 लेन का नेशनल हाईवे होगा, जिसकी कुल लंबाई करीब 250 किलोमीटर तय की गई है। प्रोजेक्ट को जल्द ही एससीआर (स्टेट कैपिटल रीजन) प्लान में शामिल किया जाएगा। वर्तमान में इन जिलों से लखनऊ पहुंचने में लंबा वक्त और ट्रैफिक जाम की परेशानी झेलनी पड़ती है। लेकिन विज्ञान पथ बनने के बाद यह सफर सिर्फ 60 से 75 मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे राजधानी की सड़कों पर भीड़ कम होगी और बाहरी वाहन आउटर रिंग रोड से डायवर्ट किए जा सकेंगे।
2027 तक बनेगा एससीआर का हिस्सा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ष 2027 तक विज्ञान पथ को एससीआर का आधिकारिक हिस्सा बना दिया जाएगा। इसके बाद राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। एलडीए ने इस परियोजना को लेकर प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर ली है। इस सड़क के बनने से न सिर्फ राजधानी की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि औद्योगिक और रियल एस्टेट विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। बुंदेलखंड और अवध क्षेत्र के बीच आवागमन और व्यापार भी और तेज होगा। यह परियोजना देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित की जाएगी। उनके प्रसिद्ध नारे जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान से प्रेरित होकर इस रोड का नाम विज्ञान पथ प्रस्तावित किया गया है। UP News