Aadhar card पर लिखे अजीबोगरीब नाम की वजह से बच्चे को स्कूल में नहीं मिला एडमिशन
आधार कार्ड में लिखे नाम की वजह से नही मिला स्कूल में एडमिशन(PC - सोशल मीडिया)
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 05:27 PM
उत्तर प्रदेश राज्य के बदायूं (Badaun, Uttar Pradesh) जिले के एक स्कूल में 1 बच्चे को एडमिशन देने से सिर्फ इसलिए मना कर दिया गया, क्योंकि बच्चे के आधार कार्ड (Aadhar card) पर जो नाम लिखा था वह बहुत ही अजीबोगरीब था।
दरअसल बदायूं जिले के बिल्ली तहसील के रायपुर गांव के रहने वाले दिनेश की बच्ची का नाम आरती है। सोमवार की सुबह दिनेश जब अपनी बच्ची का एडमिशन कराने के लिए गांव के प्राथमिक स्कूल में पहुंचे तो स्कूल में उनके बच्चे का एडमिशन नहीं लिया गया और इसकी वजह थी आधार कार्ड (Aadhar card) पर लिखा बच्ची का नाम। दरअसल आरती नाम की इस बच्ची के आधार कार्ड में इसके नाम के स्थान पर 'मधु का पांचवा बच्चा' लिखा हुआ था। इसके साथ ही इसमें आधार कार्ड नंबर भी मिसिंग था। यही वजह थी कि विद्यालय ने बच्चे का एडमिशन लेने से इनकार कर दिया और दिनेश से पहले आधार कार्ड (Aadhar card) में बच्ची का नाम सही करवाने के लिए कहा।
आधार कार्ड में नाम गलत होने का यह मामला बदायूं की डीएम दीपा रंजन (Badaun DM Deepa Ranjan) तक पहुंच गया। इस मामले में डीएम दीपा रंजन ने कहा कि -"आधार कार्ड बैंक और डाक घर में बनाए जा रहे हैं। घोर लापरवाही के चलते यह गलती हुई है। बैंक और डाकघर के अधिकारियों को सतर्क किया जाएगा और इस तरह की लापरवाही करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।’’